सिंहवाड़ा में डिग्री कॉलेज निर्माण को लेकर डीएम का निरीक्षण, दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण का निर्देश

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

सिंहवाड़ा प्रखंड के सनहपुर में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के निर्माण को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मंगलवार को चिन्हित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भूमि की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, उपलब्ध संसाधन और बुनियादी सुविधाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने राजकीय उत्क्रमित विद्यालय, सनहपुर का भी दौरा किया, जहां फिलहाल डिग्री कॉलेज संचालित किए जाने की योजना है। उन्होंने विद्यालय परिसर में शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारू रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

डीएम ने विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए चारदीवारी निर्माण के लिए शीघ्र विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि डिग्री कॉलेज के निर्माण एवं संचालन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।इस मौके पर अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी विक्रम भास्कर, राजस्व अधिकारी सिंहवाड़ा मनोज कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।