पंचायत चुनाव 2026: आरक्षण सूची का प्रारूप जारी, 18 मई तक दर्ज कराएं दावा-आपत्ति ,2011 जनगणना के आधार पर तैयार प्रपत्र-1 प्रकाशित, जून में अंतिम सूची और गजट प्रकाशन

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारी तेज हो गई है। जिले में आरक्षण निर्धारण को लेकर प्रपत्र-1 का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव ने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर यह प्रारूप 4 मई 2026 को जारी किया गया है।

राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार के निर्देश पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में संशोधन करते हुए इस बार प्रपत्र-1 का प्रकाशन तय समय से किया गया। जिला पदाधिकारी के आदेश के तहत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को वर्ष 2015 के पुराने प्रपत्र और 2011 की जनसंख्या के आंकड़ों के आधार पर नई सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद सभी प्रखंडों से तैयार प्रपत्र पर हस्ताक्षर कर उसे आयोग के पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है।

दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू

प्रकाशित प्रारूप पर आम लोग 4 मई से 18 मई 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। अपील से जुड़े मामलों का निष्पादन 11 मई से 29 मई तक किया जाएगा। इसके बाद 5 जून को अंतिम प्रकाशन और 9 जून को जिला गजट में अधिसूचना जारी की जाएगी।

दावा-आपत्ति संबंधित पदाधिकारी के समक्ष ही दाखिल करनी होगी। ग्राम पंचायत स्तर के पदों के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी के समक्ष आवेदन देना होगा, जबकि अपील अनुमंडल पदाधिकारी के पास की जाएगी। जिला परिषद सदस्य के मामले में दावा-आपत्ति अनुमंडल पदाधिकारी और अपील जिला पदाधिकारी के समक्ष होगी।

प्रखंडों में पदों की संख्या तय

जिले के विभिन्न प्रखंडों में पंचायत प्रतिनिधियों की संख्या भी निर्धारित कर दी गई है। दरभंगा सदर में 338 सदस्य/पंच, 23 मुखिया-सरपंच, 34 पंचायत समिति सदस्य और 3 जिला परिषद सदस्य होंगे। वहीं केवटी में 355 सदस्य/पंच, 26 मुखिया-सरपंच, 36 पंचायत समिति सदस्य और 4 जिला परिषद सदस्य निर्धारित किए गए हैं। जाले, सिंहवाड़ा और बिरौल समेत अन्य प्रखंडों में भी पदों का निर्धारण कर सूची प्रकाशित की गई है।

यहां देखें सूची

प्रपत्र-1 का प्रारूप जिला समाहरणालय, जिला पंचायत कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय, सभी प्रखंड और पंचायत कार्यालयों के सूचना पट्ट पर उपलब्ध है। इसके अलावा जिले की आधिकारिक वेबसाइट और राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी इसे देखा जा सकता है।

चुनाव प्रक्रिया का अहम चरण

प्रशासन के अनुसार, आरक्षण सूची का यह प्रकाशन पंचायत चुनाव की प्रक्रिया का अहम चरण है। दावा-आपत्ति के बाद अंतिम सूची जारी होने के साथ ही चुनावी तैयारियां और तेज होने की उम्मीद है।