हनुमाननगर में प्लस टू मॉडल विद्यालय के लिए जमीन का निरीक्षण, डीएम ने दिए निर्माण के निर्देश,

सीमांकन और भवन विस्तार पर जोर, कोलहंटा पटोरी स्कूल में भी बनेंगे अतिरिक्त कमरे

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

हनुमाननगर प्रखंड में प्रस्तावित प्लस टू मॉडल विद्यालय के निर्माण को लेकर जिला प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अंचलाधिकारी हनुमाननगर को निर्देश दिया कि चयनित जमीन का जल्द सीमांकन कर भूमि हस्तांतरण से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य में देरी न हो।

वहीं, प्लस टू विद्यालय के संचालन के लिए अस्थायी रूप से चिन्हित भवन का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने जरूरत के अनुसार दो अतिरिक्त कमरे बनाने का निर्देश दिया, जिससे पढ़ाई सुचारू रूप से चल सके।

इसके साथ ही उच्च विद्यालय कोलहंटा पटोरी परिसर में संचालित केंद्रीय विद्यालय के लिए भी दो अतिरिक्त कमरे के निर्माण का आदेश दिया गया। डीएम ने विद्यालय परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चारदीवारी निर्माण पर विशेष जोर दिया और संबंधित पदाधिकारियों को जल्द से जल्द इसका विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, अंचलाधिकारी प्रणव प्रखर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।