दरभंगा में अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, पहचान के लिए 72 घंटे रखा जाएगा

दस्तक 7 मीडिया /अफजल खान 

जिले के सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिठौली चौक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव देखे जाने के बाद इसकी सूचना सिमरी थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए DMCH भेज दिया।

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सिमरी थाना के चौकीदार राजू कुमार ने बताया कि मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और इधर-उधर घूमने वाला व्यक्ति हो सकता है।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा। यदि इस अवधि में कोई परिजन या पहचान करने वाला नहीं आता है, तो नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।