ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम, ‘सितारा सप्ताह’ की शुरुआत

दस्तक 7 मीडिया  /दरभंगा

समाहरणालय परिसर स्थित एडीआर भवन में सोमवार को ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा द्वारा आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री अजय कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जुनैद आलम और प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का संचालन किया।

इस दौरान ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम 2019 तथा ‘सितारा’ योजना 2023 पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने ट्रांसजेंडर समुदाय के साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल करने पर जोर दिया। साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं अन्य संबंधित पक्षों से संवेदनशील रवैया अपनाने की अपील की गई।

कार्यक्रम में ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता, आधार कार्ड पंजीकरण, पहचान पत्र निर्माण, स्वास्थ्य जांच, नेत्र परीक्षण एवं परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा ट्रांसजेंडर पहचान पत्र भी वितरित किए गए।

सचिव आरती कुमारी ने बताया कि 04 मई से 08 मई तक जिले में ‘सितारा सप्ताह’ मनाया जाएगा, जिसके दौरान ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग जिला विधिक सेवा प्राधिकार से मुफ्त कानूनी सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे।इस मौके पर सहायक निदेशक डीसीपीयू अनिमेष कुमार एवं एमाइटी कॉलेज, पटना के सहायक प्रोफेसर आशुतोष कुमार ने भी ट्रांसजेंडर समुदाय के कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में शालू, मुन्नी किन्नर, सोनी किन्नर, राजनंदिनी, मोती, चांदनी, गौड़ी और सरिता सहित कई सदस्य मौजूद रहे।