मछुआरों को मिला सहारा: दरभंगा में किट और फेका जाल का वितरण, बढ़ेगी आमदनी

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा

जिले के मछुआरों और मत्स्य विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सोमवार को एक अहम पहल की गई। समाहरणालय परिसर स्थित डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के नवनिर्मित सभागार में “मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना” के तहत मत्स्य शिकारमाही एवं विपणन किट तथा कास्ट (फेका) जाल पैकेज का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में उप मत्स्य निदेशक कुमार विमल प्रसाद और जिला मत्स्य पदाधिकारी अनुपम कुमार ने संयुक्त रूप से लाभुकों के बीच सामग्री वितरित की। इस मौके पर अधिकारियों ने बताया कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य मछुआरों और विक्रेताओं को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराकर उनकी आजीविका को मजबूत करना है।

अधिकारियों के अनुसार, किट और जाल मिलने से मछुआरे अब अपने उत्पाद को अधिक समय तक सुरक्षित, ताजा और स्वच्छ रख सकेंगे। इससे बाजार में बेहतर कीमत मिलने की संभावना बढ़ेगी और उनकी आय में सीधा इजाफा होगा। साथ ही उपभोक्ताओं को भी उचित मूल्य पर ताजी मछली उपलब्ध हो सकेगी।जिला मत्स्य पदाधिकारी ने कहा कि इस पहल से न केवल मछली व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में इस योजना से जुड़े लाभुकों की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।