लंबित कांडों पर वरीय पुलिस अधीक्षक सख्त: बहादुरपुर व नगर थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण, तय हुई समय सीमा

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा द्वारा अपने कार्यालय में सभी थानाध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में थानावार लंबित कांडों की गहन समीक्षा की गई और अनुसंधान कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया।

समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि कई थानों में अनुसंधानकर्ताओं द्वारा लंबित कांडों की डेली रिपोर्ट का समुचित संधारण नहीं किया जा रहा है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए बहादुरपुर एवं नगर थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा गया। साथ ही सभी लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए स्पष्ट समय सीमा भी निर्धारित कर दी गई।

बैठक में SSP ने निर्देश दिया कि हर अनुसंधानकर्ता की अलग-अलग डेली रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि उनके कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग हो सके। राज्य से बाहर से जुड़े कांडों के लिए विशेष टीम गठित कर सत्यापन और निष्पादन में तेजी लाने को कहा गया।

फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देते हुए लगातार छापेमारी करने, वारंट, इश्तिहार और कुर्की की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। आम जनता से प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 14 दिनों के भीतर करने पर विशेष जोर दिया गया।

SSP ने स्पष्ट किया कि पुराने लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और स्पीडी ट्रायल से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा की जाए। गंभीर अपराधों में वैज्ञानिक साक्ष्य के आधार पर गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान कर जल्द सजा सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई।

बैठक के अंत में सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अनुसंधान कार्यों की निरंतर समीक्षा करते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का सख्त निर्देश दिया गया।