जन-सुनवाई बनी भरोसे की कड़ी, आयुक्त ने त्वरित निपटारे पर दिया जोर

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा

“सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में सोमवार को प्रमंडलीय सभागार में जन-सुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की सुनवाई करते हुए आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम जनता की समस्याओं का शीघ्र और विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जन-सुनवाई के दौरान आयुक्त ने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास कायम रखने में यह व्यवस्था एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों में संबंधित पदाधिकारी अपने कक्ष में उपस्थित रहकर जन-सुनवाई करते हैं, ताकि लोगों को अनावश्यक दौड़-भाग न करनी पड़े।

कार्यक्रम में प्राप्त आवेदनों में भूमि विवाद, राजस्व, मनरेगा, अतिक्रमण समेत अन्य जन-समस्याएँ प्रमुख रहीं। आयुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जन-सुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। इस दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।