दरभंगा में गैस वितरण पर सख्ती: डीएम के निर्देश, मंगलवार को 22 हजार से अधिक सिलेंडर की आपूर्ति

दस्तक 7 मीडिया/दरभंगा 

समाहरणालय में आयोजित घरेलू गैस वितरण समन्वय समिति की बैठक में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि गैस एजेंसियों और होटलों में नियमित औचक छापेमारी सुनिश्चित की जाए। जमाखोरी और मुनाफाखोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार सोमवार को जिले की 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 2,686 एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए। इनमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 1,816, बेनीपुर में 226 और बिरौल अनुमंडल में 644 सिलेंडर शामिल हैं। वहीं एजेंसियों के गोदामों में 9,867 सिलेंडर शेष हैं।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार ने जानकारी दी कि मंगलवार, 5 मई को जिले में बड़े स्तर पर गैस वितरण का लक्ष्य तय किया गया है। इसके तहत दरभंगा सदर अनुमंडल में 16,146, बेनीपुर में 1,540 और बिरौल में 4,405 सिलेंडर वितरित किए जाएंगे।

उप निदेशक जन-संपर्क सत्येन्द्र प्रसाद ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। विभागीय नियमों के अनुसार उपभोक्ताओं को नंबर लगने के 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए कैटरिंग के जरिए कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति भी की जा रही है।

जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को पारदर्शी और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को नियमों के अनुसार गैस उपलब्ध नहीं कराई गई, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

इधर, जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06272-245055 पर संपर्क करें। प्रशासन का दावा है कि प्राप्त अधिकांश शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जा चुका है।