दरभंगा पुलिस बल से सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई, एसएसपी ने दी शुभकामनाएं

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा

दरभंगा जिला पुलिस में कार्यरत रहे कई पुलिस अधिकारियों को सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। दिनांक 30 अप्रैल 2026 को सेवानिवृत्त हुए पुलिस अवर निरीक्षक (पु0अ0नि0) मीना कुमारी, सतीश कुमार झा, असलम खां, नुरूल इस्लाम खां तथा प्रधान अवर निरीक्षक (प्रा0अ0नि0) मिर्जा खालिद बेग के सम्मान में सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के नेतृत्व में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा सेवांत लाभ के भुगतान से संबंधित प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा के साथ किया है, जो विभाग के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य, स्वस्थ जीवन और सुखद आगामी समय की कामना की।

समारोह में जिले के कई पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे, जिन्होंने भावभीनी विदाई देते हुए उनके बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दीं।