दरभंगा पुलिस में दक्षता बढ़ाने की पहल, तीन दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण शुरू

दस्तक 7 मीडिया,दरभंगा /

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में दरभंगा जिलाबल के पुलिस पदाधिकारियों के लिए तीन दिवसीय ‘रिफ्रेशर प्रशिक्षण कोर्स’ की शुरुआत सोमवार से की गई। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों की कार्य क्षमता, दक्षता और पेशेवर कौशल को और अधिक मजबूत बनाना है।

जिलाबल में पदस्थापित सभी कोटि के अधिकारी, जिनमें सहायक अवर निरीक्षक, पुलिस अवर निरीक्षक एवं पुलिस निरीक्षक शामिल हैं, इस प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, पुलिस उपाधीक्षक रक्षित, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, पुलिस उपाधीक्षक साइबर सहित अन्य वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान वर्तमान समय की चुनौतियों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इसमें नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान, साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया, कांड दैनिकी लेखन में सुधार और अनुसंधान की गति बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।

इसके अलावा सामुदायिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने, जन-शिकायतों के त्वरित निवारण तथा पुलिसकर्मियों की स्वस्थ जीवन शैली में सुधार पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।