बेटा से मिलने ससुराल पहुंची महिला की संदिग्ध मौत, पति समेत ससुराल पक्ष फरार,एक गिरफ्तार
बेटा से मिलने ससुराल पहुंची महिला की संदिग्ध मौत, पति समेत ससुराल पक्ष फरार,एक गिरफ्तार
बेटा से मिलने ससुराल पहुंची महिला की संदिग्ध मौत, पति समेत ससुराल पक्ष फरार,एक गिरफ्तार
दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा।
घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के गनौन पंचायत स्थित विसैला गांव से रविवार को एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में उसके ससुराल घर से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव के ही प्रकाश यादव की 35 वर्षीय पत्नी आशा देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद से मृतक का पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, आशा देवी और प्रकाश यादव के विवाह के कुछ महीनों बाद से ही दांपत्य जीवन में तनाव शुरू हो गया था। वर्ष 2021 से ही पति द्वारा लगातार मारपीट किए जाने की बात सामने आ रही है। इसको लेकर कई बार ग्राम पंचायत भी हुई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व भी पति ने मारपीट कर आशा देवी को घर से निकाल दिया था और उनके छह वर्षीय पुत्र अंकित कुमार यादव को अपने पास रख लिया था। इसके बाद आशा देवी अपने मायके बाउर गांव में रहकर अपना जीवन यापन कर रही थीं। बताया जा रहा है कि रविवार को आशा देवी अपने पुत्र से मिलने के लिए ससुराल विसैला गांव पहुंची थीं। इसी दौरान उनके साथ यह घटना घटी। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पति प्रकाश यादव और उसके परिजनों ने मिलकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद विकलांग सासु को छोड़कर सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी और थानाध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। वहीं थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक महिला के ससुर सिद्धेश्वर यादव को हरद्वार गांव से गिरफ्तार कर लिया है।