बहादुरपुर बना चैंपियन, रूद्र सावित्री क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा

नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में आयोजित रूद्र सावित्री मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता–2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। इस वर्ष प्रतियोगिता का दायरा बढ़ाते हुए इसे प्रखंड स्तर से विधानसभा स्तर तक विस्तारित किया गया, जिससे खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।

फाइनल मुकाबला बहादुरपुर और हायाघाट विधानसभा क्षेत्र की टीमों के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हायाघाट की टीम 19.3 ओवर में 117 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से मनीष (25 रन) और अनुराग (20 रन) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। बहादुरपुर के गेंदबाज आमिर, भास्कर, मनीकांत, त्रिपुरारी और अंकित ने दो-दो विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बहादुरपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 13.5 ओवर में 4 विकेट खोकर मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया। त्रिपुरारी (30 रन), राहुल (29 रन) और सरफराज (25 रन) ने अहम पारियां खेलीं। हायाघाट की ओर से पंकज, अनुराग और तौफीक को एक-एक विकेट मिला।

फाइनल में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए त्रिपुरारी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल के लिए उन्हें मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार भी मिला, जबकि भास्कर को बेस्ट बॉलर चुना गया।

समापन समारोह में रेरा, बिहार के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय, पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार तिवारी, जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। वहीं डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में ऐसे टूर्नामेंट की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

समारोह के अंत में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। यह प्रतियोगिता क्षेत्र में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ युवाओं के लिए एक मजबूत मंच साबित हो रही है।