04 मई को 19 हजार से अधिक एलपीजी सिलेंडर वितरण का लक्ष्य, घबराने की जरूरत नहीं: जिला प्रशासन

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। 04 मई को जिले में 19 हजार से अधिक गैस सिलेंडर वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसको लेकर वरीय पदाधिकारी द्वारा तीन गैस एजेंसियों एवं तीन अन्य संस्थानों का औचक निरीक्षण भी किया गया।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) ने जानकारी देते हुए बताया कि 03 मई को जिले की 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 10,011 एलपीजी सिलेंडर का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 7,881, बेनीपुर में 1,286 और बिरौल में 844 सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा, एजेंसियों के गोदामों में 10,122 सिलेंडर शेष उपलब्ध हैं।उन्होंने बताया कि 04 मई के लिए दरभंगा सदर अनुमंडल में 13,262, बेनीपुर में 2,274 तथा बिरौल में 4,342 सिलेंडर वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोलियम पदार्थ एवं एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। विभागीय नियमों के तहत उपभोक्ताओं को बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। शादी-विवाह एवं अन्य आयोजनों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से गैस वितरण सुनिश्चित करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06272-245055 पर संपर्क करें। अब तक 2,180 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से अधिकांश का समाधान कर दिया गया है।