19 मई से पंचायतों में लगेगा ‘सहयोग शिविर’, डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा
19 मई से पंचायतों में लगेगा ‘सहयोग शिविर’, डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा
19 मई से पंचायतों में लगेगा ‘सहयोग शिविर’, डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
जिले में आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 19 मई से सभी प्रखंडों की चयनित पंचायतों में ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। इसको लेकर रविवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर के आयोजन से एक माह पहले से ही आम लोगों से आवेदन प्राप्त किए जाएं और अधिकतम मामलों का निष्पादन शिविर से पहले ही कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों का भी तय समय सीमा में त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी स्वयं सिंहवाड़ा प्रखंड के सिमरी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सीधा मंच उपलब्ध कराना है।
शिविर के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आम जनता को दी जाएगी। इसके आयोजन के लिए पंचायत सरकार भवन या उसके आसपास उपयुक्त सरकारी भवन का चयन करने का निर्देश दिया गया है।
शिविर की निगरानी और मार्गदर्शन के लिए जिला स्तर पर 24 वरीय पदाधिकारियों को नामित किया गया है। वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित आवेदनों के निष्पादन और सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जन-शिकायतों के अनुश्रवण के लिए एक समर्पित पोर्टल भी विकसित किया जा रहा है, जिससे पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने जनगणना कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।