आंदर ढाला गोलीकांड का खुलासा: मुख्य आरोपी सोनू यादव पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दो पहले ही गिरफ्तार
दस्तक 7 मीडिया,सिवान /पटना
नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला में हुए चर्चित गोलीकांड का सिवान पुलिस ने त्वरित उद्भेदन कर दिया है। इस मामले में जहां दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, वहीं मुख्य आरोपी सोनू यादव पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया।
क्या था मामला
29 अप्रैल 2026 को आंदर ढाला के पास सड़क पर साइड लेने के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इस दौरान अज्ञात अपराधियों ने दो लोगों पर गोली चला दी। घटना में हर्ष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जांच और गिरफ्तारी
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों—छोटू यादव और सुनील यादव—को गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी से मुठभेड़
आगे की जांच में पुलिस को सूचना मिली कि इस कांड का मुख्य आरोपी सोनू यादव नौतन थाना क्षेत्र के पचलखी बाजार में अपने साथियों के साथ मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की, लेकिन आरोपी वहां से निकल चुके थे।लकड़ी बदर जाने वाले मार्ग पर पुलिस टीम का सामना दो मोटरसाइकिल सवार अपराधियों से हुआ। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से दो-दो राउंड गोलियां चलीं, जिसमें सोनू यादव घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आपराधिक इतिहास और इनाम
पुलिस के अनुसार, सोनू यादव एक कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ हत्या, लूट, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट सहित दर्जनों मामले दर्ज थे। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
बरामदगी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक लोडेड देशी पिस्टल, एक खोखा और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में नगर थाना, बड़हरिया थाना, जीबी नगर थाना, हुसैनगंज थाना, एमएच नगर थाना और जिला आसूचना इकाई के अधिकारियों व कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में विधि-सम्मत आगे की कार्रवाई की जा रही है। सिवान पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।