दरभंगा में एसएसपी ने अभियोजन प्रभारियों के साथ की समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश

दस्तक 7 मीडिया/दरभंगा 

वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा शनिवार को पुलिस कार्यालय में जिले के सभी थाना के अभियोजन प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा करना और अभियोजन कार्यों को अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध बनाना रहा।

बैठक के दौरान SSP ने e-summons, BW (बॉन्ड वारंट), NBW (गिरफ्तारी वारंट), कुर्की-जब्ती, इश्तिहार तथा कांड दैनिकी पंजी के संधारण की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों से उनके कार्यों और दायित्वों के निष्पादन की जानकारी ली और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान पर विशेष जोर दिया।

समीक्षा के क्रम में पाया गया कि कई मामलों में लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र निष्पादित करने की आवश्यकता है। इस पर एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अनुसंधान निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए और अभियोजन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

बैठक के अंत में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए SSP ने कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए मामलों का समय पर निष्पादन और मजबूत अभियोजन अत्यंत आवश्यक है।