लंबित कांडों के निष्पादन और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस निरीक्षक सख्त,नशेड़ियों के विरुद्ध करें कार्रवाई,

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा। 

अनुमंडल पुलिस निरीक्षक कार्यालय में शनिवार को अंचल पुलिस निरीक्षक महफूज आलम की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बिरौल अंचल के छह थानों के थानाध्यक्ष शामिल हुए, जहां क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान पुलिस निरीक्षक महफूज आलम ने थानों में लंबित पड़े मामलों की समीक्षा की और उनके त्वरित निष्पादन के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि गंभीर आपराधिक मामलों में फरार चल रहे अभियुक्तों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर फरार अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का टास्क सौंपा गया है।

क्षेत्र के यूवाओं में बढ़ते नशे के चलन को लेकर पुलिस निरीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों को गश्त बढ़ाने और नशेड़ियों व मादक पदार्थों के तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस निरीक्षक ने कहा कि ड्रग्स निरीक्षक को अपने कार्यों के प्रति जितना संवेदनशील होना चाहिए, वह धरातल पर नजर नहीं आ रहा है। नशे के खिलाफ जंग में संवेदनशीलता और सक्रियता अनिवार्य है।मौके पर थानाध्यक्ष आलोक कुमार,मुकेश कुमार,गौरव कुमार,सुशील कुमार,विनीता कुमारी,केशरी नंदन कुमार राम मौजूद थे। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को आगाह किया गया कि वे अपने कर्तव्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और आम जनता की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें।