दरभंगा में ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए ‘सितारा सप्ताह’ कैम्प 4 से,विधिक जागरूकता, स्वास्थ्य जांच समेत कई सुविधाएं मिलेंगी एक ही जगह

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

जिला प्रशासन की पहल पर ट्रांसजेंडर समुदाय के सशक्तिकरण और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए 4 मई से 8 मई 2026 तक ‘सितारा सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार, व्यवहार न्यायालय, दरभंगा के तत्वावधान में संचालित होगा।

सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई ने जानकारी दी कि इस विशेष अभियान के तहत ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी सुविधाएं कैम्प मोड में उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें विधिक जागरूकता कार्यक्रम, पहचान पत्र के लिए पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आधार पंजीकरण, पुलिस संवेदीकरण तथा सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी गतिविधियां प्रमुख रूप से शामिल हैं।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना और समाज में उनकी भागीदारी को मजबूत करना है। प्रशासन ने अधिक से अधिक ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

जिला प्रशासन ने अपील की है कि जिले के सभी ट्रांसजेंडर व्यक्ति 4 मई 2026 को अपराह्न 12 बजे से जिला विधिक सेवा प्राधिकार, व्यवहार न्यायालय, दरभंगा में आयोजित इस कैम्प में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं। साथ ही अपने संपर्क में आने वाले अन्य लोगों को भी इस संबंध में जागरूक करें।