दरभंगा में सड़क सुरक्षा पर सख्त निर्देश, हेलमेट-सीटबेल्ट नियम का कड़ाई से पालन कराएं: सांसद

दुर्घटना में मृतकों के आश्रितों को 7–15 दिनों में मुआवजा देने का निर्देश, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुरक्षा उपाय तेज करने पर जोर

दस्तक 7 मीडिया 

समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में शनिवार को संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा यातायात नियमों के सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक की शुरुआत में जिला प्रशासन द्वारा सांसद को पाग, चादर और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद पूर्व बैठक के प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को और अधिक सक्रिय व संवेदनशील बनने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटना में मृतकों के आश्रितों को 7 से 15 दिनों के भीतर सरकारी सहायता राशि उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

सांसद ने कहा कि दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए चौक-चौराहों, स्कूल-कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों तक जागरूकता अभियान तेज किया जाए। दोपहिया चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया चालकों के लिए सीटबेल्ट का अनिवार्य पालन सुनिश्चित करने तथा नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सभी राष्ट्रीय और राज्य उच्च पथों पर दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां संकेतक लगाने, अनावश्यक स्पीड ब्रेकर हटाने तथा ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही, टोल प्लाजा के आसपास ट्रॉमा सेंटर एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और 24 घंटे एंबुलेंस तैनाती का निर्देश दिया गया।

सांसद ने इंटीग्रेटेड ट्रैफिक सिस्टम को सख्ती से लागू करने, शाम के बाद पुलिस गश्ती बढ़ाने और दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत करने की बात कही। जिलाधिकारी ने जिला परिवहन पदाधिकारी को वाहन चेकिंग अभियान तेज करने और गर्मी को देखते हुए वाहनों में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

बैठक में लहेरियासराय से सिमरी के बीच गश्ती बढ़ाने, दोनार-कुशेश्वरस्थान मार्ग पर जाम की समस्या के समाधान, निर्माणाधीन आरओबी पर ट्रैफिक सिस्टम लागू करने तथा प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी चर्चा हुई। उर्दू बाजार क्षेत्र में ऑटो एवं ई-रिक्शा संचालन शुरू करने और बस-ऑटो स्टैंड पर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सड़क सुरक्षा मानकों और दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों ने स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने और पीड़ित परिवारों को समय पर मुआवजा देने पर बल दिया।

इस मौके पर राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी, डॉ. मुरारी मोहन झा, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी, जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।