दरभंगा में जनगणना 2027 की शुरुआत, स्व-गणना में जिला तीसरे स्थान पर
दरभंगा में जनगणना 2027 की शुरुआत, स्व-गणना में जिला तीसरे स्थान पर
दरभंगा में जनगणना 2027 की शुरुआत, स्व-गणना में जिला तीसरे स्थान पर
दस्तक 7 मीडिया/दरभंगा
भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकान गणना) का कार्य शनिवार से शुरू हो गया। इस संबंध में समाहरणालय स्थित जिला जन-सम्पर्क कार्यालय में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना का पहला चरण 02 मई से 31 मई 2026 तक चलेगा। यह देश की 16वीं तथा स्वतंत्र भारत की 8वीं जनगणना है, जिसे इस बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराया जा रहा है। पहली बार आम लोगों को मोबाइल ऐप के जरिए स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प दिया गया।
उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल से 01 मई तक चले स्व-गणना अभियान में दरभंगा जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे बिहार में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस दौरान 4 लाख 95 हजार 285 लोगों ने घर बैठे मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी गणना पूरी की। इस उपलब्धि का श्रेय जिलावासियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक टीम के संयुक्त प्रयास को दिया गया।
प्रेस कांफ्रेंस में बताया गया कि जिले में जनगणना के लिए कुल 29 चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें 18 ग्रामीण और 11 शहरी क्षेत्र शामिल हैं। इसके तहत 7655 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) बनाए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक में गणना के लिए 7473 प्रगणकों और उनके पर्यवेक्षण के लिए 1268 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। इसके अलावा आपात स्थिति के लिए 801 प्रगणक और 143 पर्यवेक्षक रिजर्व में रखे गए हैं।
जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला स्तर पर 4 मास्टर ट्रेनर और चार्ज स्तर पर 148 फील्ड ट्रेनरों द्वारा सभी कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। मकान सूचीकरण के दौरान प्रत्येक परिवार से 34 प्रश्न पूछे जाएंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना का दूसरा चरण (वास्तविक जनगणना) फरवरी 2027 में आयोजित होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी देकर सहयोग करें, ताकि विश्वसनीय आंकड़े तैयार हो सकें और योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके।