दरभंगा में गैस आपूर्ति दुरुस्त: 3 मई को 21 हजार से अधिक एलपीजी सिलेंडर वितरण का लक्ष्य

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन द्वारा 03 मई को 21 हजार से अधिक गैस सिलेंडर वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला जन-सम्पर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 02 मई को जिले की 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 6,600 एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 5,183, बेनीपुर में 458 तथा बिरौल अनुमंडल में 959 सिलेंडर शामिल हैं। वहीं, एजेंसियों के गोदामों में 13,661 सिलेंडर शेष उपलब्ध हैं।

डीएसओ ने बताया कि 03 मई को दरभंगा सदर अनुमंडल में 15,692, बेनीपुर में 1,905 तथा बिरौल में 3,951 सिलेंडरों के वितरण का लक्ष्य तय किया गया है।

उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोलियम पदार्थ और एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। विभागीय नियमों के तहत उपभोक्ताओं को बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर भी निर्धारित नियमों के अनुसार उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इधर, वरीय पदाधिकारियों द्वारा 04 गैस एजेंसियों एवं 08 अन्य संस्थानों का औचक निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने सभी एजेंसियों को पारदर्शी एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया है। निर्देशों का पालन नहीं करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06272-245055 पर संपर्क करें। अब तक प्राप्त 2046 शिकायतों में से अधिकांश का निष्पादन किया जा चुका है