दरभंगा में राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जागरूकता रथ रवाना ,9 मई को होगी लोक अदालत, ट्रैफिक चालान में मिलेगी विशेष छूट

दस्तक 7 मीडिया/दरभंगा 

जिले में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित न्यायालय से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अजय कुमार शर्मा ने आम लोगों से लोक अदालत में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार, 9 मई को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोग अपने सुलहनीय वादों का निपटारा आपसी सहमति के आधार पर कराकर समय और धन दोनों की बचत कर सकते हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने जानकारी दी कि इस बार लोक अदालत में ट्रैफिक चालान मामलों के निष्पादन में विशेष छूट दी जाएगी। 90 दिनों से अधिक समय से लंबित चालानों का निपटारा लोक अदालत में किया जाएगा, जिसमें वाहन मालिकों को केवल आधी राशि का भुगतान करना होगा। इससे जिले के हजारों लोगों को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा बिजली, पानी, पारिवारिक विवाद और अन्य शमनीय मामलों का भी निपटारा लोक अदालत के माध्यम से किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि सभी के सहयोग से इस बार लोक अदालत को पहले से अधिक प्रभावी और सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस मौके पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) जुनैद आलम सहित कई न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता संघ के प्रतिनिधि एवं अधिवक्तागण मौजूद रहे।