दरभंगा में मजदूर दिवस पर भव्य आयोजन, श्रमिकों को अधिकारों व योजनाओं की दी गई जानकारी

दस्तक 7 मीडिया/दरभंगा

अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस (मई दिवस) के अवसर पर शुक्रवार को उप श्रमायुक्त कार्यालय, दरभंगा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद श्रमिकों के अधिकार, कल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने श्रमिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और श्रम कानूनों की जानकारी दी। विशेष रूप से बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना (संशोधित) तथा बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

इस दौरान श्रमिकों को चार नए श्रम संहिताओं (लेबर कोड), न्यूनतम मजदूरी अधिनियम 1948, बकाया मजदूरी अधिनियम तथा बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 सहित अन्य महत्वपूर्ण कानूनों के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना गया।

इस अवसर पर जिले के सभी प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, कार्यालय कर्मी, श्रमिक संगठन के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।