कुशेश्वरस्थान थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2455 बोतल विदेशी शराब बरामद, पिकअप वाहन जब्त,चालक फरार

दस्तक 7 मीडिया,कुशेश्वरस्थान /

एक लंबे अंतराल के बाद कुशेश्वरस्थान थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से कुल 2455 बोतल विदेशी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 666.6 लीटर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि हसनपुर की ओर से एक पिकअप वाहन में शराब की खेप कुशेश्वरस्थान लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और ग्राम अदलपुर के पास संदिग्ध पिकअप (नंबर BR 09-2198) को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने लगा, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया। काफी दूर तक चली इस पीछा करने की कार्रवाई के दौरान चालक ने वाहन को बगल के एक मकई खेत के पास रोक दिया और खलासी के साथ कूदकर फरार हो गया। खेत और आसपास के इलाके में तलाश के बावजूद दोनों को पकड़ने में पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी।

पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन को जब्त कर लिया और उसमें लदी सभी शराब की बोतलों को कब्जे में ले लिया। बरामद शराब की मात्रा और संख्या को देखते हुए इसे हाल के समय की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

थाना पुलिस अब जब्त पिकअप के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वाहन किसके निर्देश पर और कहां शराब की खेप पहुंचाने जा रहा था।

कुशेश्वर स्थान थाना पुलिस का कहना है कि इस मामले में तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद इलाके में इस कार्रवाई की व्यापक चर्चा हो रही है। लोगों का मानना है कि लंबे समय बाद हुई इस बड़ी बरामदगी से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।