संस्कृत विश्वविद्यालय को मिला नया कुलसचिव, डॉ. दिनेश झा ने संभाला पदभार

दस्तक 7मीडिया /

संस्कृत विश्वविद्यालय में नव नियुक्त कुलसचिव डॉ. दिनेश झा ने गुरुवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार संभाल लिया। इससे एक दिन पूर्व, 29 अप्रैल को राजभवन द्वारा उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी की गई थी।

विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ. निशिकांत के अनुसार, डॉ. झा ने कुलपति प्रो. लक्ष्मीनिवास पांडेय के समक्ष उनके कार्यालय कक्ष में योगदान की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कीं। इस अवसर पर कुलपति प्रो. पांडेय ने विश्वास जताया कि नए कुलसचिव अपने दायित्वों का निर्वहन कुशलतापूर्वक करेंगे और विश्वविद्यालय को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि डॉ. झा पहले से ही विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों से जुड़े रहे हैं, जिससे संस्थान को उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. दिनेश झा ने अपने संबोधन में कहा कि वे नियमों, परिनियमों तथा सरकार एवं राजभवन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी संचिका को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाएगा और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाई जाएगी। साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए सभी कर्मियों के सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले दिनों में कार्य संस्कृति में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

इस मौके पर विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रघुनन्दन लाल कर्ण एवं सचिव अभिमन्यु कुमार के नेतृत्व में कुलपति और कुलसचिव का पाग-चादर एवं फूलमाला देकर सम्मान किया गया। संघ के पदाधिकारियों ने नव नियुक्त कुलसचिव को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न पदाधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।