सत्र 2026-27 की तैयारी तेज, संस्कृत विश्वविद्यालय में शैक्षणिक पंचांग पर मंथन
सत्र 2026-27 की तैयारी तेज, संस्कृत विश्वविद्यालय में शैक्षणिक पंचांग पर मंथन
सत्र 2026-27 की तैयारी तेज, संस्कृत विश्वविद्यालय में शैक्षणिक पंचांग पर मंथन
दस्तक 7 मीडिया,दरभंगा /
संस्कृत विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 के लिए शैक्षणिक पंचांग निर्माण को लेकर गुरुवार को अहम बैठक आयोजित की गई। कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विश्वविद्यालय की आगामी शैक्षणिक गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में पंचांग समिति के सदस्यों एवं सभी संकायाध्यक्षों ने शैक्षणिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सहगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। उपशास्त्री एवं शास्त्री पाठ्यक्रमों के विभिन्न सत्रों में नामांकन, वर्ग संचालन, पंजीयन, परीक्षा आवेदन, परीक्षा आयोजन और परिणाम प्रकाशन की तिथियों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
पीआरओ डॉ. निशिकांत ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले प्रमुख आयोजनों गुरु पूर्णिमा, संस्कृत सप्ताह, शिक्षक दिवस, हिंदी दिवस, वाल्मीकि जयंती, राष्ट्रीय शिक्षा दिवस, संविधान दिवस, गीता जयंती, स्वामी विवेकानंद जयंती, कामेश्वर सिंह जयंती, स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस एवं पृथ्वी दिवस की विस्तृत रूपरेखा भी तय कर ली गई है।
बैठक में डॉ. दिनेश झा, प्रो. दिलीप कुमार झा, प्रो. पुरेन्द्र वारिक, प्रो. दयानाथ झा, डॉ. शिवलोचन झा, डॉ. शम्भूशरण तिवारी, डॉ. ममता पांडेय, डॉ. धनश्याम मिश्र, डॉ. ध्रुव मिश्र एवं डॉ. रामसेवक झा सहित अन्य शिक्षकों की उपस्थिति रही। वहीं, गोपाल उपाध्याय और सुनील कुमार सिंह ने बैठक के सफल संचालन में सहयोग दिया।