पटना से बड़ी खबर :पटना जू से हटाया गया ‘संजय गांधी’ नाम, सरकार का बड़ा फैसला,दो प्रमुख संस्थानों का नाम बदला, राजनीतिक संकेतों पर भी चर्चा तेज

दस्तक 7 मीडिया/पटना

बिहार की सम्राट चौधरी सरकार ने राज्य के दो प्रमुख संस्थानों के नाम में बड़ा बदलाव करते हुए ‘संजय गांधी’ नाम हटा दिया है। राजधानी पटना स्थित प्रसिद्ध चिड़ियाघर, जिसे अब तक संजय गांधी जैविक उद्यान के नाम से जाना जाता था, अब आधिकारिक तौर पर ‘पटना जू’ कहलाएगा।

सरकार के इस फैसले के बाद न सिर्फ संस्थान का नाम बदला गया है, बल्कि इसके संचालन से जुड़ी समिति का नाम भी परिवर्तित कर ‘पटना जू प्रबंधन एवं विकास सोसाइटी’ कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि आम बोलचाल में लोग पहले से ही इसे ‘पटना जू’ के नाम से जानते थे, लेकिन अब यह नाम सरकारी दस्तावेजों में भी मान्य हो गया है।

इसी क्रम में राज्य के डेयरी टेक्नोलॉजी संस्थान से भी संजय गांधी का नाम हटा दिया गया है। सरकार का कहना है कि इन संस्थानों की पहचान अब उनके भौगोलिक स्थान और राज्य के नाम से तय होगी, जिससे उनकी स्थानीय पहचान और मजबूत होगी।

हालांकि, इस फैसले को केवल प्रशासनिक बदलाव नहीं माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे राज्य की बदलती राजनीतिक दिशा और प्रतीकों के पुनर्परिभाषा के तौर पर भी देखा जा रहा है। विपक्षी दलों ने इस निर्णय पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं, जबकि सरकार इसे जनभावनाओं के अनुरूप कदम बता रही है।राज्य में इस फैसले को लेकर बहस तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासत और गरमाने के आसार हैं।