बारात में गाड़ी साइड करने को लेकर विवाद, मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा। 

बिरौल थाना के सुपौल बाजार स्थित पुराना थाना के निकट बारात के दौरान गाड़ी साइड करने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में राहुल शर्मा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसके सिर पर 10 से 12 टांके आए हैं। घटना के संबंध में पीड़ित के पिता रामप्रकाश शर्मा ने बिरौल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को दिए

आवेदन के अनुसार, घटना बीते रात करीब 11:30 बजे की है।घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुमई से वारी गांव जा रही बारात जब सुपौल बाजार के पुराना थाना के पास पहुंची, तो बारात की अन्य गाड़ियों को रास्ता देने के लिए एक गाड़ी के ड्राइवर, रहमत, से गाड़ी साइड करने को कहा गया। इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि ड्राइवर ने गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस विवाद के दौरान 10 से 12 अज्ञात लोग वहां जमा हो गए और गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। इसी बीच, रहमत और अशोक सहनी नामक व्यक्तियों ने लोहे की सरिया से राहुल शर्मा पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में राहुल के सिर पर गंभीर चोटें आईं।

घायल राहुल का इलाज फिलहाल पुराना थाना स्थित निजी हॉस्पिटल में चल रहा है, जहां वह आईसीयू में भर्ती है। घटना के संबंध में पुलिस को वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराए गए हैं। थानाध्यक्ष चंद्र मणी ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज करते हुए मकसूदनपूर निवासी मो.रहमत को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।