सड़कों पर दौड़ रहे दो और तीन पहिया वाहनों पर पुलिस की पैनी नजर, जांच अभियान से चालकों में हड़कंप,अधिकांश आटो बिना कागजात संचालित

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा। 

बिरौल थाना क्षेत्र की सड़कों पर नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाने वाले चालकों के लिए चेतावनी भरी खबर है। क्षेत्र की विभिन्न सड़कों पर बिना वैध कागजात के फर्राटा भर रहे दोपहिया और तिपहिया वाहनों के खिलाफ स्थानीय पुलिस ने कमर कस ली है। अब सड़क पर निकलते समय हेलमेट और लाइसेंस ही नहीं, बल्कि वाहन के पूर्ण दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य होगा, अन्यथा कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिरौल थाना क्षेत्र के शिवनगर घाट से लेकर कुशेश्वरस्थान और बड़गांव थाना क्षेत्र की सीमा तक राज्य मार्ग पर बिना कागजात के दर्जनों तिपहिया वाहन अवैध रूप से चल रहे हैं। पुलिस को शिकायतें मिल रही थीं कि इन मार्गों पर चलने वाले कई कमर्शियल तिपहिया वाहनों के पास न तो उचित परमिट है और न ही बीमा या रजिस्ट्रेशन के पुख्ता कागजात। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने अब दोपहिया के साथ-साथ तिपहिया वाहनों की जांच का दायरा भी बढ़ा दिया है।

स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों द्वारा लगातार की जा रही शिकायतों के बाद पुलिस ने यह कदम उठाया है। बताया जा रहा है कि बिना कागजात और बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे ये वाहन न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, बल्कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी बड़ा खतरा बने हुए हैं

पुलिस प्रशासन ने वाहन स्वामियों और चालकों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपने वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज जैसे रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट और ड्राइविंग लाइसेंस, अपडेट रखें। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह अभियान केवल कागजात की जांच तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।

यदि आप भी बिरौल या इसके आसपास के क्षेत्रों में वाहन लेकर निकल रहे हैं, तो ध्यान रखें कि आपके पास सभी वैध कागजात हों। पुलिस की टीम किसी भी मोड़ पर आपका इंतजार कर रही हो सकती है।