भागलपुर हत्याकांड: 12 घंटे में मुख्य आरोपी ढेर, मुठभेड़ में 3 पुलिसकर्मी घायल,सुल्तानगंज नगर परिषद गोलीकांड का त्वरित खुलासा, सीसीटीवी फुटेज से पहचान के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

दस्तक 7 मीडिया/भागलपुर 

सुल्तानगंज नगर परिषद में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी रामधनी यादव को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर मुठभेड़ में मार गिराया। इस तेज कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे सुल्तानगंज थाना से लगभग 200 मीटर दूर बाइपास रोड पर आरोपी के साथ मुठभेड़ हुई। बताया जाता है कि पुलिस टीम जब उसे हथियार बरामदगी के लिए लेकर जा रही थी, तभी उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें रामधनी यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मुठभेड़ में तीन पुलिस अधिकारी घायल

इस मुठभेड़ के दौरान डीएसपी नवीन, इंस्पेक्टर परमेश्वर और इंस्पेक्टर मृत्यंजय भी घायल हो गए। तीनों का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

CCTV से हुई पहचान, रिश्तों ने बढ़ाया शक

एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि घटनास्थल के CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई थी। रामधनी यादव सुल्तानगंज नगर परिषद की डिप्टी चेयरमैन का पति बताया जा रहा है, जिससे मामले ने और भी संवेदनशील रूप ले लिया है।

दिनदहाड़े हुई थी हत्या

गौरतलब है कि मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुसकर अपराधियों ने कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हमले में चेयरमैन राजकुमार गुड्डू भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सिर और सीने में गोली लगी है। उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

15 मिनट चली मुठभेड़, बाकी आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ करीब 15 मिनट तक चली। फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।