दरभंगा में पीएम सूर्य घर योजना को रफ्तार देने के निर्देश, 22 दिनों में 7260 घरों का सर्वे ,डीएम ने अभियंताओं को घर-घर जाकर जागरूकता बढ़ाने और कम-से-कम 100 इच्छुक उपभोक्ता चिन्हित करने का दिया निर्देश 

दस्तक 7 मीडिया/दरभंगा 

समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति, जागरूकता अभियान और आवेदन प्रक्रिया को तेज करने पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने सभी सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंताओं को निर्देश दिया कि अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं तक सीधे पहुंच बनाकर उन्हें सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि इच्छुक उपभोक्ताओं को योजना की पूरी जानकारी दी जाए और आवेदन की प्रक्रिया में भी सहयोग किया जाए।

बैठक में बताया गया कि पिछले 22 दिनों में विद्युत विभाग द्वारा जिले के 7260 घरों का दौरा किया गया, जिसमें 1446 उपभोक्ताओं ने योजना में रुचि दिखाई है। डीएम ने इस प्रगति को और तेज करने के लिए प्रत्येक अभियंता को कम-से-कम 100 इच्छुक उपभोक्ताओं की पहचान कर आवेदन कराने का लक्ष्य दिया।

उन्होंने कार्य में तेजी लाने के लिए टीम बनाकर समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी बताया कि इच्छुक उपभोक्ता पोर्टल पर आधार संख्या और बिजली बिल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

बैठक में पीएम कुटीर योजना की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देश दिया कि किसी आवेदन को अस्वीकृत करने से पहले आवेदक को दस्तावेजों की कमी की सूचना अवश्य दी जाए। अभियंताओं को आवेदनों की सतत निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया।

डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे सक्रियता और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने का प्रयास करें।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, वरीय उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी, डीपीएम जीविका ऋचा गार्गी, विद्युत कार्यपालक अभियंता विकास कुमार सहित शहरी एवं ग्रामीण विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों के पदाधिकारी और अभियंता उपस्थित थे।