15 हजार से अधिक गैस सिलेंडर का होगा वितरण, कमी की खबरों पर प्रशासन ने लगाया विराम

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिले में एलपीजी गैस को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि गैस की कोई कमी नहीं है। बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि गुरुवार (30 अप्रैल) को जिलेभर में 15 हजार से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडरों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिला आपूर्ति विभाग के अनुसार, बुधवार (29 अप्रैल) को जिले की 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 7,186 सिलेंडरों का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 5,056, बेनीपुर में 867 और बिरौल में 1,263 सिलेंडर शामिल हैं। वहीं दिन समाप्ति तक 11,497 सिलेंडर एजेंसियों के गोदामों में उपलब्ध हैं।

प्रशासन द्वारा जारी योजना के मुताबिक, 30 अप्रैल को दरभंगा सदर में 8,449, बेनीपुर में 1,445 और बिरौल में 5,115 सिलेंडरों के वितरण का लक्ष्य तय किया गया है, जिससे कुल आंकड़ा 15 हजार के पार पहुंच जाएगा।

इस बीच, वरीय पदाधिकारी ने जिले की 9 गैस एजेंसियों और 6 अन्य संस्थानों का औचक निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था का जायजा लिया और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को गैस के लिए घबराने की आवश्यकता नहीं है। विभागीय नियमों के तहत बुकिंग के 2-3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने सभी एजेंसियों को निर्देश दिया है कि समयबद्ध और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुनाफाखोरी और जमाखोरी पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है।

किसी भी शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष (फोन: 06272-245055) पर संपर्क करने की अपील की गई है। अब तक प्राप्त 2,023 शिकायतों में अधिकांश का समाधान कर दिया गया है।