एसएसपी ने अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के निष्पादन के सख्त निर्देश

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

जिले में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मंगलवार को अंचल पुलिस निरीक्षक, सदर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में संधारित विभिन्न महत्वपूर्ण पंजियों की गहनता से जांच की गई।

जांच के क्रम में एसएसपी ने दागी पंजी, अपराध पंजी, गुंडा पंजी, प्राप्ति एवं निर्गत पंजी, तख्ती पंजी, इंडेक्स पंजी, गिरोह पंजी, लूट, डकैती एवं गृह भेदन से संबंधित पंजी सहित थानावार खतियान भाग-1 और लंबित कांडों की संचिकाओं का बारीकी से अवलोकन किया। इसके अलावा प्रगति प्रतिवेदन और अंतिम आदेश से संबंधित अभिलेखों की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान कई पंजी अद्यतन नहीं पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पंजियों को नियमित रूप से अपडेट रखा जाए, ताकि किसी भी समय सटीक जानकारी उपलब्ध हो सके।

वहीं, लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान अन्य प्रशासनिक बिंदुओं पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने कहा कि कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।