जमीन विवाद और सौतन के कलह में खौफनाक अंत, शिक्षक पति ने बाल्टी के पानी में डुबोकर की पहली पत्नी की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा
दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के कमरकाला गांव में चार दिन पूर्व हुई एक दर्दनाक घटना ने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक मदरसा शिक्षक ने अपनी ही पहली पत्नी की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। वारदात की क्रूरता ऐसी कि शव परीक्षण करने वाले चिकित्सक एवं अनुसंधान कर रहे पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए।
मृतिका अमरूद खातून जो मदरसा शिक्षक मो. अब्दुल खालीक उर्फ खुदाबख्श की पहली पत्नी थी। थानाध्यक्ष चंद्र मणी के अनुसार, इस खौफनाक वारदात की पृष्ठभूमि एक साल पहले तब तैयार हुई जब अब्दुल खालीक ने एक तलाकशुदा महिला से दूसरी शादी की थी।
दूसरी शादी के बाद से ही घर में गृहयुद्ध की स्थिति बनी रहती थी। ग्रामीणों और पुलिस अनुसंधान के अनुसार, दोनों पत्नियों के बीच जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर अक्सर तीखी नोकझोंक होती थी। घर में आए दिन मारपीट और कलह का माहौल रहता था। बीते शुक्रवार की रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने अपनी पहली पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया।

