गायघाट में भीषण सड़क हादसा :मजदूर की मौत पर ग्रामीणों ने किया एन एच 27 सड़क जाम,गायघाट प्रशासन की मशक्कत के बाद यातायात बहाल,मुआवजे की मांग पर भड़के ग्रामीण

 दीपक कुमार । गायघाट

मुजफ्फरपुर के गायघाट में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एनएच पर एक युवक की अकाल मृत्यु ने न सिर्फ परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि स्थानीय लोगों के गुस्से को भी भड़का दिया है। मुआवजे की मांग को लेकर घंटों तक सड़क जाम रही और इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। मंगलवार को मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण रोड एक्सीडेंट में 30 वर्षीय सुबोध कुमार की मौत हो गई। मैठी गांव निवासी सुबोध अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां ओवरब्रिज के समीप एनएच 27 पर माली का काम करता था। यह घटना उस वक्त हुई जब एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने उसे कुचल दिया।

गायघाट प्रशासन की सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद अब यातायात को पूरी तरह सुचारू करा लिया गया है।मृतक सुबोध कुमार फोरलेन पर पौधों की कटाई का काम कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार होने में सफल रहा, जबकि सुबोध ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही मैथी गांव के सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच 27 को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। विरोध प्रदर्शन के कारण मैथी टोल प्लाजा के पास वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई। एम्बुलेंस से लेकर यात्री बसें घंटों तक जाम में फंसी रहीं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राकेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ कई दौर की वार्ता की और सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजे का आश्वासन देकर सड़क से जाम हटवाया।