खाद्यान्न उठाव में देरी पर डीएम सख्त, समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

जन वितरण प्रणाली (PDS) के तहत खाद्यान्न उठाव एवं वितरण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। समाहरणालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर खाद्यान्न का उठाव और वितरण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभुकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

बैठक में बताया गया कि विभागीय निर्देश के अनुसार अप्रैल, मई और जून माह के लिए अग्रिम खाद्यान्न उठाव कर PDS विक्रेताओं को उपलब्ध कराना है। इस पर डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि तय समय के अंदर उठाव की प्रक्रिया पूरी की जाए।

समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि परिवहन अभिकर्ताओं द्वारा पर्याप्त संख्या में वाहन समय पर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर डीएम ने परिवहन अभिकर्ता (मुख्य) और डोर स्टेप डिलीवरी एजेंसी को एग्रीमेंट के अनुरूप समय पर पर्याप्त वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

डीएम ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में वरीय उप समाहर्ता निशांत कुमार, एफसीआई के प्रतिनिधि समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।