9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत: ट्रैफिक चालान मामलों के निपटारे के लिए विशेष तैयारी, प्रधान जिला जज की बैठक

दस्तक 7 मीडिया,दरभंगा /

राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार  अजय कुमार शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 9 मई 2026 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत एवं उससे जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान प्रधान जिला जज ने निर्देश दिया कि ट्रैफिक चालान से जुड़े लंबित मामलों की बड़ी संख्या को देखते हुए इनके त्वरित निपटारे के लिए विशेष व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि लोक अदालत स्थल पर चालान भुगतान के लिए अलग काउंटर, पेयजल, चलंत शौचालय, भीड़ नियंत्रण, एम्बुलेंस एवं प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने यह भी बताया कि 4 मई से 8 मई तक “सितारा सप्ताह” मनाया जाएगा, जिसके तहत थर्ड जेंडर समुदाय के लिए विशेष शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों में विधिक जागरूकता, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, पहचान पत्र निर्माण, कौशल विकास प्रशिक्षण तथा पुलिस संवेदीकरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त, 5 मई को अधिवक्ता संघ में वकीलों के लिए व्यावसायिक आचरण एवं शिष्टाचार से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना है।

बैठक में जिला पदाधिकारी सह उपाध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार  कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक  जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी, विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष चंद्रधर मल्लिक, महासचिव कृष्ण कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।