दरभंगा प्रमंडल के सभी थानों में CCTV जांच के निर्देश, विकास योजनाओं व कानून-व्यवस्था की आयुक्त ने की समीक्षा
दरभंगा प्रमंडल के सभी थानों में CCTV जांच के निर्देश, विकास योजनाओं व कानून-व्यवस्था की आयुक्त ने की समीक्षा
दरभंगा प्रमंडल के सभी थानों में CCTV जांच के निर्देश, विकास योजनाओं व कानून-व्यवस्था की आयुक्त ने की समीक्षा
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में मंगलवार को प्रमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विकास योजनाओं की प्रगति, विधि-व्यवस्था, एलपीजी गैस, बिजली आपूर्ति तथा थानों में सीसीटीवी कैमरों के अधिष्ठापन की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। आयुक्त ने तीनों जिलों की कानून-व्यवस्था की स्थिति और प्रगति यात्रा से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान आयुक्त ने सभी थानों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच करने का निर्देश दिया। जिन थानों में कैमरे अभी तक नहीं लगे हैं, वहां शीघ्र स्थापना सुनिश्चित करने तथा खराब पड़े कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने को कहा। उन्होंने इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर नाराजगी जताई।
आयुक्त ने रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से अद्यतन जानकारी ली। इसके साथ ही अन्य विकास योजनाओं की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आरओबी, एलिवेटेड रोड, मिथिला शोध संस्थान में चल रहे कार्यों तथा नगर निगम क्षेत्र में आधुनिक हाई-स्पीड कैमरों के अधिष्ठापन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बहेड़ी के पास बाईपास निर्माण, इंडस्ट्रियल पार्क और लॉजिस्टिक पार्क का कार्य भी प्रगति पर है।
वरीय पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ जला रेड्डी ने जिले की कानून-व्यवस्था को संतोषजनक बताया। वहीं, आयुक्त ने पुलिस शूटिंग रेंज के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया, जिस पर बीएमपी-13 परिसर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने की जानकारी दी गई।बैठक के अंत में आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए आपसी समन्वय के साथ कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जाए।