बुधवार को 22 हजार से अधिक एलपीजी सिलेंडर वितरण का लक्ष्य,09 गैस एजेंसियों व 15 संस्थानों का औचक निरीक्षण, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। मंगलवार को 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 8,473 एलपीजी सिलेंडर का वितरण किया गया। इसमें दरभंगा सदर अनुमंडल में 6,657, बेनीपुर में 746 तथा बिरौल में 1,070 सिलेंडर शामिल हैं।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी के अनुसार, वर्तमान में एजेंसियों के गोदामों में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। सदर अनुमंडल में 6,102, बेनीपुर में 840 तथा बिरौल में 2,568 सिलेंडर शेष हैं। इस प्रकार जिले में कुल 9,510 एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं।

29 अप्रैल के लिए बड़ा लक्ष्य निर्धारित

प्रशासन ने बुधवार (29 अप्रैल) को जिले में बड़े पैमाने पर वितरण का लक्ष्य तय किया है। इसके तहत सदर अनुमंडल में 16,651, बेनीपुर में 2,244 और बिरौल में 4,044 सिलेंडर वितरण का लक्ष्य रखा गया है।

कमी की अफवाहों पर विराम

उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं को नियम के अनुसार नंबर लगाने के 2-3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी के जरिए गैस उपलब्ध कराई जा रही है। शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए कमर्शियल सिलेंडर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

निरीक्षण और सख्त निर्देश

वरीय पदाधिकारी द्वारा 9 गैस एजेंसियों एवं 15 अन्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने सभी एजेंसियों को पारदर्शी और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

शिकायत के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय

जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है। अब तक 2023 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से अधिकांश का समाधान किया जा चुका है।

📞 कंट्रोल रूम नंबर: 06272-245055

उपभोक्ताओं से अपील

जिला प्रशासन ने अपील की है कि उपभोक्ता किसी भी प्रकार की शिकायत सीधे कंट्रोल रूम में दर्ज कराएं। मुनाफाखोरी और जमाखोरी पर प्रशासन की कड़ी नजर है। शादी-विवाह के अवसर पर नियमानुसार अधिकतम 5 कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिसके लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देना होगा।