दरभंगा में इंटर कंपार्टमेंटल परीक्षा 2 से 11 मई तक, 6 केंद्रों के 100 मीटर दायरे में धारा 163 लागू
दस्तक 7 मीडिया/दरभंगा
बिहार इंटरमीडिएट कंपार्टमेंटल-सह-विशेष परीक्षा, 2026 का आयोजन 2 मई से 11 मई तक जिले में दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। परीक्षा सदर अनुमंडल क्षेत्र के छह केंद्रों—एमएल एकेडमी (लहेरियासराय), बीकेडी राजकीय बालक उच्च विद्यालय (जिला स्कूल), देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद बालिका उच्च विद्यालय (लालबाग), राज उच्च विद्यालय (हसन चौक), एमएआरएम उच्च विद्यालय (लालबाग) और एमकेपी विद्यापति उच्च विद्यालय (लहेरियासराय)—पर आयोजित होगी।
जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल दंडाधिकारी (सदर) विकास कुमार ने सभी परीक्षा तिथियों पर केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। आदेश के अनुसार, इस परिधि में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, आग्नेयास्त्र या अन्य घातक हथियार तथा विस्फोटक लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सुबह 7:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक लाउडस्पीकर/ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग पर भी रोक रहेगी। परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पेजर, एटीएम कार्ड सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात पदाधिकारी/बल, सरकारी पासधारी, शवयात्रा, धार्मिक जुलूस और शादी-विवाह से जुड़े कार्यक्रमों को इस आदेश से छूट रहेगी। उल्लंघन करने वालों पर सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।