बिहार में स्कूलों-मदरसों में ‘वंदे मातरम’ से होगी दिन की शुरुआत,सरकारी कार्यक्रमों के लिए भी नया प्रोटोकॉल लागू, 26 अप्रैल को जारी हुआ आदेश

दस्तक 7मीडिया,पटना/

बिहार सरकार ने राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी कार्यक्रमों के लिए नया निर्देश जारी किया है। 26 अप्रैल 2026 को जारी इस आदेश के तहत अब स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और मदरसों में दिन की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन से की जाएगी। इसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गाया जाएगा और फिर नियमित पढ़ाई शुरू होगी।

सरकारी कार्यक्रमों के लिए भी एक नया प्रोटोकॉल तय किया गया है। अब प्रत्येक सरकारी कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ से होगी, उसके बाद ‘जन गण मन’ गाया जाएगा, जबकि कार्यक्रम का समापन बिहार गीत ‘मेरे भारत के कंठहार’ से किया जाएगा।

सरकार ने अपने आदेश में केंद्र सरकार की गाइडलाइन का हवाला देते हुए ‘वंदे मातरम’ के पूर्ण रूप (छह अंतरों) के गायन की बात कही है। हालांकि, इस आदेश के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या इसे गाना सभी के लिए अनिवार्य होगा।

कानूनी दृष्टिकोण से देखें तो सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों के अनुसार किसी भी व्यक्ति को राष्ट्रगान या राष्ट्रीय गीत गाने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। हालांकि, इनके प्रति सम्मान प्रदर्शित करना आवश्यक माना गया है। यानी कोई व्यक्ति खड़ा होकर सम्मान दे सकता है, भले ही वह गीत न गाए।

सरकारी आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि यह नियम सभी संस्थानों, जिसमें मदरसे भी शामिल हैं, पर लागू होगा। वहीं संविधान के तहत व्यक्तिगत धार्मिक स्वतंत्रता और अंतरात्मा की आजादी भी सुरक्षित है। ऐसे मामलों में अंतिम स्थिति अक्सर न्यायालय की व्याख्या पर निर्भर करती है।