SSP की सख्ती: डायल-112 की सुस्ती पर कड़ा रुख, CCTNS में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा, 

जिले में पुलिसिंग को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) दरभंगा ने सोमवार को दो अहम समीक्षा बैठकें कीं। पहली बैठक में ERSS (डायल-112) व्यवस्था की समीक्षा की गई, जबकि दूसरी बैठक में CCTNS व IT कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।

ERSS बैठक में SSP ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि डायल-112 पर आने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ERV/MERV टीम के पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों व चालकों को निर्देश दिया कि रिस्पॉन्स टाइम में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। आम लोगों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करते हुए हर सूचना का सत्यापन कर तुरंत मौके पर पहुंचकर सहायता देने को कहा गया। साथ ही घटना की जानकारी थानाध्यक्ष, वरीय पदाधिकारी और कंट्रोल रूम को समय पर देने तथा MDT को हमेशा सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

वहीं, दूसरी बैठक में SSP ने CCTNS प्रभारी को निर्देश दिया कि स्टेशन डायरी, FIR और अन्य दस्तावेजों की रियल टाइम एंट्री सुनिश्चित करें। E-साक्ष्य ऐप पर कांड से जुड़े फोटो व वीडियो अपलोड करने, पुराने मामलों की केस डायरी को वर्षवार अपलोड करने तथा 24 घंटे के भीतर FIR व गिरफ्तारी मेमो को SCRB पोर्टल पर अपलोड करने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके अलावा CriMAC/ICJS के नियमित उपयोग, जीरो FIR को दूसरे राज्यों में भेजने, आरोप पत्र अपलोड करने और गुमशुदा व्यक्तियों का डेटा तुरंत पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।

SSP ने कहा कि तकनीक के बेहतर उपयोग और त्वरित कार्रवाई से ही पुलिस व्यवस्था मजबूत होगी और जनता का भरोसा कायम रहेगा।