समन्वय पर जोर, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे का निर्देश
समन्वय पर जोर, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे का निर्देश
समन्वय पर जोर, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे का निर्देश
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, न्यायालयों में लंबित वाद, मुख्यमंत्री जनता दरबार, एसी/डीसी बिल, सहकारिता, कृषि, राजस्व एवं जन शिकायत जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से आरटीपीएस और राशन कार्ड से जुड़े लंबित आवेदनों के त्वरित निपटारे के लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देशित किया।
बैठक में जनगणना कार्य की प्रगति पर भी विशेष जोर दिया गया। डीएम ने सभी प्रगणकों को प्रतिदिन क्षेत्र में भ्रमण कर कार्य सुनिश्चित करने तथा चार्ज पदाधिकारियों को नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। वरीय पदाधिकारियों को भी अपने-अपने प्रखंडों में जाकर स्वगणना कार्य को समय सीमा में पूरा कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है, जिसमें नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है और दी गई जानकारी गोपनीय रखी जाएगी। अब तक जिले में 1 लाख 20 हजार से अधिक स्वगणना का कार्य पूरा हो चुका है।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, उप निदेशक जन संपर्क सत्येंद्र प्रसाद सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक के अंत में डीएम ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जन शिकायतों के त्वरित निवारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।