दरभंगा में जन-सुनवाई: आयुक्त ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश, हफ्ते में दो दिन अनिवार्य सुनवाई

दस्तक 7मीडिया/दरभंगा 

“सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत सोमवार को प्रमण्डलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में दरभंगा प्रमण्डल कार्यालय स्थित सभागार में जन-सुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की समस्याओं को सुनते हुए आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित और विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की शिकायतों के शीघ्र निपटारे के लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों में जन-सुनवाई अनिवार्य रूप से आयोजित की जाती है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था प्रशासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की महत्वपूर्ण कड़ी है।

जन-सुनवाई के दौरान भूमि विवाद, राजस्व, मनरेगा, अतिक्रमण समेत विभिन्न जन-समस्याओं से जुड़े कई आवेदन प्रस्तुत किए गए। आयुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि लोगों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।