दरभंगा में 4-5 मई को जॉब कैंप, 100 पदों पर होगी भर्ती,
10वीं, 12वीं व ITI पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 16 हजार वेतन के साथ आवास-भोजन की सुविधा
दस्तक 7 मीडिया/दरभंगा
बेरोजगार युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में दरभंगा में दो दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह जॉब कैंप 4 मई (सोमवार) को लहेरियासराय स्थित संयुक्त श्रम भवन (रामनगर आईटीआई के निकट) तथा 5 मई (मंगलवार) को बेनीपुर के BSDC KYP सेंटर परिसर में आयोजित होगा। दोनों दिनों में साक्षात्कार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लिया जाएगा।
इस जॉब कैंप में Elite Foods Private Limited द्वारा Trainee Production, Manufacturing Process और Trainee Packing के कुल 100 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें 10वीं, 12वीं एवं ITI उत्तीर्ण महिला और पुरुष अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है।
चयनित उम्मीदवारों को 16,000 रुपये मासिक वेतन के साथ-साथ मुफ्त आवास, भोजन, साप्ताहिक अवकाश, पीएफ, ईएसआई, बोनस और इंसेंटिव जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।
जिला जनसंपर्क कार्यालय ने बताया कि इस जॉब कैंप में भाग लेने के लिए नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी भारत सरकार के NCS पोर्टल (www.ncs.gov.in) पर ऑनलाइन या नियोजनालय पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
अभ्यर्थियों को जॉब कैंप में शामिल होने के लिए अपना बायोडाटा, सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पांच रंगीन फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति साथ लाने की सलाह दी गई है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह जॉब कैंप पूरी तरह निःशुल्क है और अधिक से अधिक युवाओं से इसमें भाग लेकर रोजगार का लाभ उठाने की अपील की गई है।