15 दिवसीय पत्रकारिता प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, नैतिकता पर दिया गया जोर
दस्तक 7मीडिया , दरभंगा /अफजल खान
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर हिन्दी विभाग द्वारा संचालित ‘पत्रकारिता एवं जनसंचार कोर्स’ के तहत 2025-26 सत्र के छात्र-छात्राओं के लिए 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन लहेरियासराय स्थित सिटीजन आवाज कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रो. उमेश कुमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के पीआरओ एवं सीएम कॉलेज के पूर्व समन्वयक डॉ. आर.एन. चौरसिया उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र में प्रो. उमेश कुमार ने कहा कि पत्रकारिता का क्षेत्र अत्यंत व्यापक और महत्वपूर्ण है, जिसमें नैतिकता की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सदैव प्रेस मैन्युअल का पालन करते हुए समाज की सेवा करनी चाहिए। छोटी खबरें भी बड़े बदलाव की भूमिका निभा सकती हैं और पत्रकारिता समाज को दिशा देने का कार्य करती है।
मुख्य अतिथि डॉ. आर.एन. चौरसिया ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि यह जनता और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का आईना है, जो सूचना, शिक्षा, मनोरंजन और जागरूकता प्रदान करती है। यह वंचित और हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बनकर समाज में परिवर्तन लाने की क्षमता रखती है।
मुख्य प्रशिक्षक पंकज कुमार झा ने बताया कि शिविर के दौरान छात्रों को पत्रकारिता के विभिन्न आयामों जैसे फील्ड रिपोर्टिंग, साक्षात्कार, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी, शीर्षक लेखन एवं समसामयिक विषयों पर लेखन—का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
