सुपौल बाजार में श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शंखनाद, कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा। 

बिरौल के सुपौल बाजार स्थित सद्गुरु कबीर विद्यापीठ के प्रांगण में रविवार, 26 अप्रैल 2026 से सात दिवसीय ‘श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ’ का अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ शुभारंभ हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत एक भव्य कलश शोभायात्रा से हुई, जिसमें संपूर्ण क्षेत्र ‘राधे-कृष्ण’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

यज्ञ के प्रथम दिन दोपहर 3 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें 211 महिला श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं सिर पर मंगल कलश लिए भक्ति गीतों पर झूमती नजर आईं।

यह यात्रा कबीर विद्यापीठ परिसर से शुरू होकर शैखपुरा होते हुए बिरौल हनुमान मंदिर पहुंची।

हनुमान मंदिर में पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद कलश में जल भरा गया।

 इसके पश्चात शोभायात्रा सुपौल रामनगर, सुता पट्टी, मास्टर चौक और शिवाजी नगर से गुजरते हुए वापस कार्यक्रम स्थल पहुंची। पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिला।

इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन कृष्ण मोहन महतो (संयोजक, वाणिज्य प्रकोष्ठ, भाजपा, दरभंगा पूर्वी) एवं समस्त महतो परिवार द्वारा किया जा रहा है। आयोजनकर्ता कृष्ण मोहन महतो ने बताया कि ईश्वर की असीम कृपा से इस ज्ञान यज्ञ का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों से इस ‘भक्तिमयी अमृत वर्षा’ में शामिल होकर पुण्य अर्जित करने का विनम्र निवेदन किया है।

विद्वान कथा वाचक आचार्य पंडित श्री विनय कृष्ण व्यास जी ने पूजन कार्य संपन्न कराने के बाद श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ किया। प्रथम दिन के प्रसंग में व्यास जी ने भागवत महापुराण की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा”कलियुग में श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण ही मोक्ष प्राप्ति का एकमात्र और सुगम द्वार है। यह कथा मनुष्य को जीवन के सार और भक्ति के सच्चे मार्ग से परिचित कराती है।”

सद्गुरु कबीर विद्यापीठ के प्रांगण को दिव्य और भव्य रूप से सजाया गया है। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और स्वयंसेवकों द्वारा सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यह सात दिवसीय आयोजन आने वाले छह दिनों तक श्रीमद् भागवत के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति की धारा में सराबोर करता रहेगा।