शादी के छह माह बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, प्रेम विवाह के बाद ससुराल में मिला शव,जांच में जुटी पुलिस।

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्दी गांव में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रौशन मंडल की पत्नी रोशनी कुमारी (20 वर्ष) के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोशनी कुमारी मूल रूप से घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के पुनहद गांव की रहने वाली थी। बताया जाता है कि लगभग छह माह पूर्व उसने सर्दी गांव निवासी रौशन मंडल के साथ प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद वह अपने ससुराल में रह रही थी। कुछ दिन पहले ही वह अपने पति के साथ ससुराल आई थी। हालांकि, लगभग डेढ़ महीने पहले उसका पति रौशन को सर्दी गांव स्थित घर पर छोड़कर वापस काम पर लौट गया था। रविवार को अचानक घर में उसकी लाश संदिग्ध स्थिति में बरामद हुई।
घटना की सूचना मिलते ही बिरौल थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अमृत लाल वर्मन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम को मौके पर भेजा। घटनास्थल पर पीएसआई पूजा कुमारी, एएसआई राजीव कुमार और एएसआई अनिल तिवारी ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि शुरुआती जांच और घटनास्थल के मुआयने से मामला पारिवारिक कलह का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। मृतका के मायके वालों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा हो सके। घटना के बाद से मृतका के मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।