प्रभात खबर बना मीडिया कप चैंपियन, रोमांचक फाइनल में दरभंगा रेडियो को 2 रन से हराया
प्रभात खबर बना मीडिया कप चैंपियन, रोमांचक फाइनल में दरभंगा रेडियो को 2 रन से हराया
प्रभात खबर बना मीडिया कप चैंपियन, रोमांचक फाइनल में दरभंगा रेडियो को 2 रन से हराया
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. नागेन्द्र झा स्टेडियम में खेले गए 19वें प्रमंडलीय मीडिया कप का खिताब इस बार प्रभात खबर ने अपने नाम कर लिया। शनिवार को खेले गए बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में प्रभात खबर ने दरभंगा रेडियो को मात्र 2 रनों से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
गेंदबाजों का रहा दबदबा, लो-स्कोरिंग मैच बना रोमांचक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रभात खबर की टीम 18.5 ओवरों में 101 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से प्रिंस ने 34 और अनिकेत ने 23 रनों की अहम पारी खेली।
दरभंगा रेडियो की ओर से दीपक कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.5 ओवर में 11 रन देकर 5 विकेट झटके। वहीं अभिषेक चौधरी और सन्नी कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य के करीब पहुंचकर बिखरी दरभंगा रेडियो
102 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दरभंगा रेडियो की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 99 रन ही बना सकी। टीम की ओर से विकास कुमार (22) और दीपेंद्र सिंह (18) ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।प्रभात खबर की ओर से हंसराज ने 3 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि शिवम ने 2 विकेट चटकाए।
समापन समारोह में खेल भावना की सराहना
समापन समारोह को संबोधित करते हुए सदर एसडीओ विकास कुमार ने कहा कि लगातार 19 वर्षों तक इस तरह के आयोजन का होना जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों के बीच आपसी तालमेल और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि दरभंगा में मीडिया कप की निरंतरता सराहनीय है।
वहीं डब्लूआईटी के निदेशक डॉ. अजय नाथ झा ने कहा कि इस आयोजन से खेल के प्रति लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है और आने वाले वर्षों में इसे और बेहतर बनाया जाएगा।
खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
अंत में अतिथियों द्वारा विजेता प्रभात खबर और उपविजेता दरभंगा रेडियो टीम को कप प्रदान किया गया। साथ ही विभिन्न मैचों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।